मैहर सीएमओ प्रिंस अग्रवाल की पहल, अतिक्रमण पर चला प्रशासन का डंडा
घंटाघर, स्टेट बैंक चौराहा और स्टेशन रोड पर कार्रवाई से राहगीरों को मिलेगी राहत

मैहर। नगर में यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाने और आम नागरिकों को अतिक्रमण से राहत दिलाने के उद्देश्य से नगर पालिका सीएमओ प्रिंस अग्रवाल की पहल पर अतिक्रमण दस्ते ने घंटाघर स्थित फुटपाथ, स्टेट बैंक चौराहा एवं स्टेशन रोड ओवर ब्रिज पर ठेला संचालकों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की। कार्रवाई के दौरान सड़क और फुटपाथ पर ठेले लगाकर आवागमन बाधित करने वालों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि वे निर्धारित स्थानों पर ही अपने ठेले लगाएं।
अतिक्रमण दस्ते ने ठेला संचालकों को हिदायत दी कि सड़क पर अनधिकृत रूप से ठेले न लगाएं और नगर पालिका द्वारा जिस स्थान का आवंटन किया गया है, उसी जगह पर अपना व्यवसाय संचालित करें। प्रशासन की इस कार्रवाई का उद्देश्य शहर की सड़कों को अतिक्रमण मुक्त कर यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाना है।
कार्रवाई के दौरान अतिक्रमण प्रभारी बलेंद्र पांडे धीरू पाठक बबलू खान विक्रम राहुल राजेंद्र बर्मन राहुल सोनकिया सनी अभिषेक सहित नगर पालिका का अमला मौजूद रहा। टीम ने प्रमुख चौराहों और व्यस्त मार्गों पर व्यवस्था दुरुस्त करने के लिए सख्ती दिखाई।
नगरवासियों ने ली राहत की सांस
घंटाघर, स्टेट बैंक चौराहा और स्टेशन रोड पर ठेलों के कारण अक्सर आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ता था। अतिक्रमण के खिलाफ की गई इस कार्रवाई से स्थानीय नागरिकों और राहगीरों को राहत मिलने की उम्मीद है। नगरवासियों ने सीएमओ प्रिंस अग्रवाल की इस पहल को सराहनीय बताते हुए उम्मीद जताई कि शहर में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई आगे भी निरंतर जारी रहेगी, ताकि मैहर की यातायात व्यवस्था सुचारु बनी रहे।




